35 वर्षों का साथ छोड़ा, अनुशासन समिति के नोटिस के बाद कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा
लखनऊ। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं एआईसीसी सदस्य अशोक सिंह ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के स्वागत कार्यक्रम में शामिल होने के बाद कांग्रेस की अनुशासन समिति ने उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा था। इसके जवाब में उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को अपना इस्तीफा भेज दिया।
इस्तीफे में अशोक सिंह ने कहा कि वह पिछले 35 वर्षों से कांग्रेस से जुड़े रहे हैं और करीब 20 वर्षों तक अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) के सदस्य के रूप में पार्टी की सेवा की है। उन्होंने विभिन्न पदों पर रहते हुए संगठन के लिए कार्य किया, लेकिन इसके बावजूद उन्हें पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में नोटिस भेजा गया।
इटावा निवासी अशोक सिंह ने बताया कि उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत राष्ट्रीय छात्र संगठन (NSUI) से की थी। उनका आरोप है कि पिछले तीन वर्षों से प्रदेश नेतृत्व ने उन्हें कोई संगठनात्मक जिम्मेदारी नहीं दी, जबकि हाल ही में पार्टी में शामिल हुए नेताओं को महत्वपूर्ण पद सौंपे जा रहे हैं।
अशोक सिंह के इस्तीफे को उत्तर प्रदेश कांग्रेस के लिए एक महत्वपूर्ण राजनीतिक घटनाक्रम माना जा रहा है, जिससे पार्टी के भीतर असंतोष की चर्चा भी तेज हो गई है।

