आगरा। स्पाइसी शुगर संस्था द्वारा सोमवार को होटल हॉलीडे इन में “आओ एक-दूजे को जानें” विषय पर एक विशेष सभा का आयोजन किया गया। बारिश की रिमझिम फुहारों के बीच आयोजित इस कार्यक्रम में सदस्यों ने मनोरंजक गतिविधियों, रोचक खेलों और आत्मीय संवाद के माध्यम से एक-दूसरे को बेहतर ढंग से जाना। कार्यक्रम के दौरान मजेदार सवाल-जवाब और हल्के-फुल्के संवादों ने पूरे माहौल को खुशनुमा बना दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ चांदनी ग्रोवर ने सभी सदस्यों के स्वागत के साथ किया। संस्था की संस्थापक पूनम सचदेवा ने अपने प्रेरक संबोधन में कहा, “हम ही हम हैं तो क्या हम हैं, तुम ही तुम हो तो क्या तुम हो। बात तब है जब हम में तुम हो और तुम में हम हो।” उन्होंने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य एक-दूसरे को समझना, आत्मीय संबंधों को मजबूत बनाना और सकारात्मक सोच के साथ जीवन जीने की प्रेरणा देना है।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम की थीम के अनुरूप कई मनोरंजक खेल और गतिविधियां आयोजित की गईं, जिनके माध्यम से सदस्यों ने एक-दूसरे के व्यक्तित्व, रुचियों और विचारों को करीब से जाना।
इस अवसर पर विभिन्न श्रेणियों में सदस्यों को सम्मानित भी किया गया। ‘स्टार ऑफ द मंथ’ का सम्मान सर्वसम्मति से रेणु लांबा और माला खेरा को प्रदान किया गया। वहीं गरिमा हेमदेव को शॉपिंग क्वीन, श्वेता को सेल्फी क्वीन, पल्लवी को फैशन दीवा, शिखा जैन को एनर्जी बॉम्ब, रिम्पी को ट्रैवल क्वीन, मंजरी को ड्रामा क्वीन, पुष्पा को पॉजिटिव सोल, सिमरन को हेल्पिंग हार्ट तथा कोमिला धर को ऑलवेज स्माइलिंग सम्मान से नवाजा गया।
समापन अवसर पर पूनम सचदेवा ने सभी सदस्यों को स्वयं से प्रेम करने, अपने व्यक्तित्व का सम्मान करने तथा जीवन को सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ जीने की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि जब व्यक्ति स्वयं से प्रेम करना सीखता है, तभी वह दूसरों के जीवन में भी खुशियां बांट सकता है।
कार्यक्रम में आस्था, आकांक्षा, डॉली, गरिमा, हरमीत, पूजा लूथरा, कविता अग्रवाल, नेहा, पायल, रानी, ऋचा, ऋतु, याशी सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहीं। कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।

