नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने अश्लील और आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित करने वाले 50 ओटीटी (OTT) ऐप्स के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए उन्हें देश में डिसेबल (बैन) कर दिया है। यह जानकारी केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण राज्य मंत्री डॉ. एल. मुरुगन ने लोकसभा में एक लिखित उत्तर के माध्यम से दी।
मंत्री ने बताया कि सरकार ने सूचना प्रौद्योगिकी (इंटरमीडियरी गाइडलाइंस एवं डिजिटल मीडिया एथिक्स कोड) नियम, 2021 के तहत कार्रवाई करते हुए इन ऐप्स को ब्लॉक किया है। सरकार लगातार डिजिटल प्लेटफॉर्म्स की निगरानी कर रही है और नियमों का उल्लंघन करने वाले ऐप्स के खिलाफ सख्त कदम उठा रही है।
डॉ. मुरुगन के अनुसार, इन प्लेटफॉर्म्स पर अश्लील और आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित किए जाने की शिकायतें मिली थीं। जांच के बाद संबंधित ऐप्स के खिलाफ कार्रवाई की गई।
इससे पहले भी केंद्र सरकार ने अश्लील कंटेंट के खिलाफ अभियान चलाते हुए 2025 में 25 ऐप्स पर प्रतिबंध लगाया था। इनमें ALTT (पूर्व में ALTBalaji), Ullu, Desiflix, Big Shots App, Boomex, Navarasa Lite, Gulab App, Kangan App, Bull App, Jalva App, Wow Entertainment, Look Entertainment, Hitprime, ShowX, Feneo, Sol Talkies, Adda TV, HotX VIP, Hulchul App, MoodX, NeonX VIP, Triflicks, Mojflix, Fugi और ShowHit जैसे प्लेटफॉर्म शामिल थे।
इसके अलावा फरवरी 2026 में भी सरकार ने अश्लील सामग्री प्रसारित करने के आरोप में 5 अन्य ऐप्स के खिलाफ कार्रवाई की थी।
हालांकि, लोकसभा में जिन 50 OTT ऐप्स को डिसेबल किए जाने का उल्लेख किया गया है, उनकी पूरी नामवार सूची सरकार ने सार्वजनिक नहीं की है।
केंद्र सरकार ने स्पष्ट किया है कि डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर अश्लील और आपत्तिजनक सामग्री को बढ़ावा देने वालों के खिलाफ आगे भी निगरानी और आवश्यक कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि इंटरनेट पर सुरक्षित और जिम्मेदार डिजिटल वातावरण सुनिश्चित किया जा सके।

