लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (आठवले) ने अपनी राजनीतिक सक्रियता तेज कर दी है। पार्टी ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के साथ गठबंधन के तहत चार से पांच विधानसभा सीटों की मांग रखी है।
आरपीआई (आठवले) का कहना है कि यदि गठबंधन में सम्मानजनक सीटें नहीं मिलती हैं, तो पार्टी प्रदेश की 20 से 25 विधानसभा सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारकर चुनावी मैदान में उतरेगी।
पार्टी का मानना है कि प्रदेश में दलित और वंचित समाज के बीच उसका जनाधार बढ़ा है, जिसके आधार पर वह आगामी विधानसभा चुनाव में प्रभावी भूमिका निभाने की तैयारी कर रही है। वहीं, भाजपा के साथ सीटों के बंटवारे को लेकर अंतिम निर्णय आने वाले दिनों में होने वाली बातचीत के बाद स्पष्ट होगा।

