फिल्म ‘तुम मेरे हो’ से निर्माता बने गुरमीत चौधरी, ईशा मालवीय कर रही हैं बॉलीवुड में डेब्यू
नई दिल्ली, अभिनेता गुरमीत चौधरी और अभिनेत्री ईशा मालवीय अपनी आगामी रोमांटिक म्यूजिकल फिल्म ‘तुम मेरे हो’ के प्रमोशन के सिलसिले में राजधानी दिल्ली पहुंचे। इस अवसर पर दिल्ली के बोबाची में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया, जिसमें दोनों कलाकारों ने मीडिया से बातचीत करते हुए फिल्म की कहानी, अपने किरदारों और शूटिंग से जुड़े अनुभवों को साझा किया।
फिल्म ‘तुम मेरे हो’ गुरमीत चौधरी के करियर में एक खास मुकाम लेकर आई है। इस फिल्म के जरिए वह अभिनय के साथ-साथ फिल्म निर्माण की दुनिया में भी कदम रख रहे हैं। अपने होम प्रोडक्शन बैनर देब गुरु फिल्म्स और रेवा क्रिएटिव हाउस के सहयोग से बनी इस फिल्म में गुरमीत मुख्य भूमिका निभा रहे हैं। वहीं, अभिनेत्री ईशा मालवीय इस फिल्म से बॉलीवुड में अपना डेब्यू कर रही हैं।
दिल्ली में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान गुरमीत चौधरी ने फिल्म को लेकर अपनी उत्सुकता जाहिर करते हुए कहा, “तुम मेरे हो मेरे लिए बेहद खास फिल्म है, क्योंकि इसके जरिए मैं पहली बार निर्माता के रूप में अपनी नई यात्रा शुरू कर रहा हूं। एक अभिनेता के तौर पर मैं ऐसा किरदार निभाना चाहता था, जिसमें रोमांस, भावनाएं और एक्शन के अलग-अलग रंग देखने को मिलें। वहीं निर्माता के रूप में मेरी कोशिश एक ऐसी दुनिया रचने की रही है, जो भव्य होने के साथ-साथ दर्शकों को भावनात्मक रूप से भी अपने करीब महसूस हो।”
फिल्म से बॉलीवुड में कदम रख रहीं ईशा मालवीय ने भी दिल्ली मीडिया के साथ अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा, “तुम मेरे हो का हिस्सा बनना मेरे लिए बेहद खास अनुभव रहा है। फिल्म की कहानी में प्यार, भावनाएं और रिश्तों की गहराई है। मैं खुश हूं कि मुझे अपने बॉलीवुड डेब्यू के लिए ऐसी फिल्म में काम करने का अवसर मिला। गुरमीत के साथ काम करने का अनुभव शानदार रहा। उम्मीद है कि दर्शक हमारे किरदारों और उनकी प्रेम कहानी से खुद को जोड़ पाएंगे।”
प्यार, जुनून और जुदाई की संगीतमय कहानी है ‘तुम मेरे हो’
हाल ही में रिलीज हुए फिल्म के ट्रेलर में प्यार, रोमांस, दिल टूटने का दर्द और जबरदस्त एक्शन की झलक देखने को मिली है। खूबसूरत लोकेशन, भव्य दृश्य और भावनाओं से भरपूर कहानी फिल्म को एक अलग अंदाज देती है। गुरमीत चौधरी जहां रोमांटिक और एक्शन अवतार में नजर आ रहे हैं, वहीं ईशा मालवीय अपनी खूबसूरती, मासूमियत और अभिनय से कहानी में ताजगी जोड़ती दिखाई दे रही हैं। दोनों की ऑनस्क्रीन केमिस्ट्री फिल्म के प्रमुख आकर्षणों में से एक है।
निर्देशक आशीष पांडा के निर्देशन में बनी इस फिल्म की एक और खासियत इसका संगीत है। फिल्म के म्यूजिक एल्बम से मिथुन, विशाल मिश्रा, संजू राठौड़, असीस कौर, मधुर शर्मा, रश्मि विराग मिश्रा, अजीम शिराजी, गीत सागर, मोहम्मद फैज, जावेद अली, अर्जुन हरजाई, विवेक वर्मा, कृष और उद्दीपन शर्मा सहित कई प्रतिभाशाली कलाकार जुड़े हुए हैं।
फिल्म के गीत-संगीत को इसकी प्रेम कहानी और भावनात्मक उतार-चढ़ाव के अनुरूप तैयार किया गया है, जो दर्शकों को एक संगीतमय सिनेमाई अनुभव देने का वादा करता है।
आरती एस और देबिना बनर्जी द्वारा निर्मित तथा रोमांच मेहता और अमन रियास्ती द्वारा सह-निर्मित इस फिल्म में गुरमीत चौधरी और ईशा मालवीय के अलावा अनुष्का लुहार और शान ग्रोवर भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आएंगे।
प्रेम, संगीत, जुनून, भावनाओं और एक्शन से सजी फिल्म ‘तुम मेरे हो’ 23 अक्टूबर 2026 को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है।
