फर्रुखाबाद। सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती और राष्ट्रीय अखंडता दिवस के अवसर पर जिलास्तरीय यूनिटी मार्च की पदयात्रा का आयोजन किया गया। यह मार्च विकास खंड बढ़पुर क्षेत्र के फतेहगढ़ स्थित दुर्गा नारायण पीजी कॉलेज से शुरू हुआ।
यात्रा की शुरुआत में जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी और पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण और पुष्पांजलि अर्पित की। इस दौरान उपस्थित सभी ने एकता और अखंडता की शपथ ली।

जिलाधिकारी के नेतृत्व में यह पदयात्रा डीएन कॉलेज से फतेहगढ़ बड़े चौराहा और कोतवाली होते हुए वापस डीएन कॉलेज पर समाप्त हुई।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अरुण कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक), नगर मजिस्ट्रेट और जिला विकास अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। साथ ही स्कूली बच्चे, एनसीसी, एनएसएस, होमगार्ड और पीआरडी के जवान भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

