अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (एएमयू) की कंप्यूटर इंजीनियरिंग विभाग की पूर्व छात्रा तमकीन फातिमा ने भारत सरकार के रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) में वैज्ञानिक ‘बी’ पद पर चयन प्राप्त किया है। उनकी इस उपलब्धि से विश्वविद्यालय का नाम गौरवान्वित हुआ है।
तमकीन का चयन शैक्षणिक प्रदर्शन, गेट स्कोर और कड़ा इंटरव्यू प्रक्रिया के आधार पर हुआ। उन्होंने 2025 में कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग में एम.टेक. 9.944 CPI के साथ शीर्ष स्थान प्राप्त किया। इससे पहले, उन्होंने 2023 में बी.टेक. भी एएमयू से पूरा किया और कंप्यूटर साइंस में यूजी-नेट (जेआरएफ) 2024 में ऑल इंडिया रैंक 2 (99.9933 परसेंटाइल) हासिल की।
उनकी शैक्षणिक उत्कृष्टता और शोध क्षमता को देखते हुए, उन्हें अगस्त 2025 में एएमयू के कंप्यूटर इंजीनियरिंग विभाग में असिस्टेंट प्रोफेसर (कॉन्ट्रैक्चुअल) के रूप में भी नियुक्त किया गया।
विभाग के शिक्षक तमकीन की सफलता पर गर्व व्यक्त करते हुए कहते हैं कि यह विभाग की उच्च स्तरीय तकनीकी प्रतिभा तैयार करने की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

