पटना: बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मुज़फ्फरपुर हवाई अड्डे के विकास और उन्नयन की महत्वपूर्ण परियोजना को मंजूरी देने की घोषणा की है। इस परियोजना के तहत मौजूदा हवाई अड्डे को कोड-2B श्रेणी के विमानों के संचालन योग्य बनाया जाएगा।
इस योजना में प्री-फैब स्टील संरचना आधारित टर्मिनल भवन, प्री-इंजीनियर्ड एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) टावर, प्री-इंजीनियर्ड अग्निशमन केंद्र सहित अन्य सहायक भवन और सुविधाओं का निर्माण शामिल है। परियोजना को ईपीसी (इंजीनियरिंग, प्रोक्योरमेंट और कंस्ट्रक्शन) मोड पर पूरा किया जाएगा। अनुमानित लागत 28.58 करोड़ रुपये रखी गई है और निर्माण कार्य की अवधि 11 माह निर्धारित की गई है। एयरपोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एएआई) ने इस परियोजना के लिए ऑनलाइन ई-टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि मुज़फ्फरपुर हवाई अड्डे का उन्नयन उत्तर बिहार में हवाई सेवा का विस्तार है, जिससे क्षेत्रीय संपर्क, निवेश और पर्यटन को नई गति मिलेगी। इसके साथ ही स्थानीय युवाओं के लिए नए रोजगार अवसर भी पैदा होंगे।
सम्राट चौधरी ने कहा, “केंद्र की मोदी सरकार और प्रदेश में नीतीश कुमार के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार, बिहार में हवाई सेवा को विश्वस्तरीय बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। पटना के लोक नायक जयप्रकाश नारायण एयरपोर्ट और गया एयरपोर्ट का हाल ही में अपग्रेडेशन किया गया है। सूबे में उड़ान योजना के तहत दरभंगा और पूर्णिया एयरपोर्ट से भी देश के अलग-अलग हिस्सों के लिए हवाई सेवा उपलब्ध है। अब इसी कड़ी में मुज़फ्फरपुर एयरपोर्ट का विकास इसे नई ऊंचाई पर पहुंचाएगा।”

