नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के बाद भारत निर्वाचन आयोग ने बड़ा फैसला लेते हुए राज्य के कुछ संवेदनशील मतदान केंद्रों पर पुनर्मतदान (री-पोल) कराने का आदेश जारी किया है।

आयोग के निर्देश के अनुसार, डायमंड हार्बर और मगराहाट पश्चिम विधानसभा क्षेत्रों के चयनित बूथों पर 2 मई को फिर से मतदान कराया जाएगा। इन केंद्रों पर मतदान के दौरान गड़बड़ी, शिकायतों और प्रक्रिया में अनियमितताओं की रिपोर्ट सामने आई थी, जिसके बाद निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव सुनिश्चित करने के लिए यह कदम उठाया गया।
निर्वाचन आयोग ने साफ किया है कि री-पोल के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जाएंगे। केंद्रीय बलों की तैनाती, वेबकास्टिंग और माइक्रो ऑब्जर्वर की निगरानी में मतदान प्रक्रिया संपन्न कराई जाएगी, ताकि किसी भी तरह की गड़बड़ी की गुंजाइश न रहे।
गौरतलब है कि राज्य की सभी 294 सीटों पर मतदान पहले ही पूरा हो चुका है और 4 मई को मतगणना होनी है। ऐसे में इन सीटों पर होने वाला पुनर्मतदान चुनाव परिणामों पर असर डाल सकता है, जिस पर सभी राजनीतिक दलों की नजरें टिकी हुई हैं।

