आगरा। विश्व रक्तदान दिवस के अवसर पर साईं का तकिया स्थित जन कल्याण चेरिटेबल ब्लड सेंटर में “Together We Achieve” के सहयोग से एक विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में युवाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान कर मानवता की सेवा का संदेश दिया।
इस अवसर पर बशीर-उल-हक़ रॉकी ने कहा कि रक्तदान सबसे बड़ा महादान है। एक यूनिट रक्त कई लोगों का जीवन बचा सकता है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ व्यक्ति को नियमित रूप से रक्तदान करना चाहिए ताकि जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध हो सके। रक्तदान न केवल किसी की जान बचाने का माध्यम है, बल्कि यह समाज के प्रति हमारी जिम्मेदारी और संवेदनशीलता का भी प्रतीक है।
उन्होंने युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में रक्तदान अभियान से जुड़ने की अपील करते हुए कहा कि मानवता की सेवा से बढ़कर कोई धर्म नहीं है। रक्तदान के माध्यम से हम जरूरतमंदों के जीवन में नई उम्मीद और खुशियां ला सकते हैं।
शिविर के दौरान रक्तदाताओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। आयोजकों ने सभी रक्तदाताओं एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी कार्यक्रम आयोजित करने का संकल्प लिया।
“रक्तदान करें, जीवन बचाएं” के संदेश के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

