आगरा। अखिल भारत हिंदू महासभा की जिला अध्यक्ष मीरा राठौर के नेतृत्व में आगरा कैंट मुख्य सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर दिए गए धरने का असर दिखाई दिया है। धरने और आंदोलन की चेतावनी के बाद नगर निगम ने सड़क पर खुले पड़े गड्ढों को भरने का कार्य शुरू कर दिया है।
बताया जाता है कि आगरा कैंट मुख्य मार्ग पर लंबे समय से सड़क क्षतिग्रस्त होने के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। इस समस्या को लेकर अखिल भारत हिंदू महासभा के कार्यकर्ताओं ने विशाल धरना-प्रदर्शन किया था। प्रदर्शन के दौरान मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा। साथ ही नगर निगम और रेलवे विभाग के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे थे।
अधिकारियों ने हिंदू महासभा की जिला अध्यक्ष मीरा राठौर को जल्द सड़क की मरम्मत कराने का आश्वासन दिया था। वहीं हिंदू महासभा ने चेतावनी दी थी कि यदि 48 घंटे के भीतर सड़क की स्थिति नहीं सुधारी गई तो संगठन उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा।
निर्धारित समय सीमा समाप्त होने से पहले ही नगर निगम द्वारा सड़क के गड्ढों को भरने और मरम्मत कार्य शुरू करने पर हिंदू महासभा ने इसे जनता की जीत बताया है। मीरा राठौर ने कहा कि यह आगरा की जनता और हिंदू महासभा के संघर्ष की सफलता है।
सड़क सुधार कार्य होने के बाद मीरा राठौर तथा हिंदू महासभा के कार्यकर्ताओं ने एक वीडियो जारी कर नगर निगम और आगरा प्रशासन का धन्यवाद व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जनहित के मुद्दों पर आवाज उठाने से सकारात्मक परिणाम सामने आते हैं और जनता की समस्याओं का समाधान संभव हो पाता है।
मीरा राठौर ने कहा कि हिंदू महासभा आगे भी जनता की समस्याओं को प्रमुखता से उठाती रहेगी और जनहित के मुद्दों पर संघर्ष जारी रहेगा।

