उत्तर प्रदेश में जनगणना-2027 के प्रथम चरण “मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना” के अंतर्गत स्व-गणना (Self Enumeration) की प्रक्रिया 7 मई 2026 से शुरू हो गई है, जो 21 मई 2026 तक चलेगी। नागरिक अब घर बैठे ऑनलाइन माध्यम से अपनी जनगणना संबंधी जानकारी स्वयं भर सकेंगे।
स्व-गणना के लिए नागरिकों को वेबसाइट https://se.census.gov.in पर जाकर उत्तर प्रदेश का चयन करना होगा तथा कैप्चा भरकर आगे बढ़ना होगा। इसके बाद परिवार के मुखिया के नाम और मोबाइल नंबर से पंजीकरण किया जाएगा, जिस पर आए OTP के माध्यम से सत्यापन पूरा होगा।
पोर्टल पर हिंदी, अंग्रेजी सहित 16 भाषाओं का विकल्प उपलब्ध है। इसके बाद नागरिकों को अपना पता, जिला, गांव या शहर तथा मकान की लोकेशन मैप पर चिन्हित करनी होगी।
इस प्रक्रिया में घर और परिवार से जुड़े कुल 33 प्रश्न पूछे जाएंगे, जिनमें मकान का प्रकार, बिजली-पानी की सुविधा, शौचालय, परिवार के सदस्यों की संख्या और टीवी, मोबाइल, इंटरनेट जैसी सुविधाओं की जानकारी शामिल होगी। किसी भी प्रश्न से संबंधित जानकारी “i” बटन पर क्लिक करके प्राप्त की जा सकती है।
सभी विवरण भरने के बाद फॉर्म सबमिट करना होगा, जिसके बाद एक Self Enumeration ID (SE ID) जारी की जाएगी। इसे सुरक्षित रखना जरूरी होगा।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जब जनगणना अधिकारी या प्रगणक घर पहुंचे, तब नागरिकों को केवल अपनी SE ID दिखानी होगी और दोबारा जानकारी देने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। अधिकारियों ने लोगों से जनगणना कार्य में सहयोग करने की अपील की है।

