आगरा। Manish Bansal ने भीषण गर्मी और हीट वेव के मद्देनज़र जनपदवासियों से सतर्क रहने और स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने की अपील की है। उन्होंने कहा कि मौसम विज्ञान विभाग द्वारा अत्यधिक तापमान और प्रतिकूल मौसम को लेकर चेतावनी जारी की गई है, इसलिए लोग अनावश्यक रूप से तेज धूप में बाहर निकलने से बचें।
जिलाधिकारी ने कहा कि भीषण गर्मी और लू के दौरान पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें तथा नींबू पानी, ओआरएस, ग्लूकोज और अन्य तरल पदार्थों का सेवन करें। धूप में बाहर निकलते समय सिर को कपड़े या टोपी से ढककर रखें ताकि लू के प्रभाव से बचा जा सके।
उन्होंने बताया कि राहत आयुक्त उत्तर प्रदेश द्वारा 33 लाख रुपये की धनराशि जारी की गई है, जिसके माध्यम से सभी नगरीय निकायों में छाया, शीतल पेयजल और अन्य हीट वेव राहत कार्य कराए जा रहे हैं।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को हीट वेव से बचाव के लिए आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। सभी अस्पतालों में आकस्मिक परिस्थितियों से निपटने हेतु विशेष वार्ड स्थापित करने तथा डॉक्टरों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया है।
इसके साथ ही निराश्रित गौवंश आश्रय स्थलों पर शीतल पेयजल, छाया और हरे चारे की समुचित व्यवस्था करने के भी निर्देश जारी किए गए हैं।
हीट वेव से बचाव के लिए नगर निगम, नगर पालिका परिषद, नगर पंचायत और ग्राम पंचायतों को आश्रय स्थल स्थापित करने, पीने के पानी की व्यवस्था करने तथा बस स्टैंड, श्रमिक अड्डों, टैक्सी-ऑटो स्टैंड और प्रमुख चौराहों पर ग्रीन नेट, शेड और छांव की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है।
जिलाधिकारी ने कहा कि जिन स्थानों पर बड़ी संख्या में श्रमिक और यात्री एकत्रित होते हैं, वहां विशेष इंतजाम किए जाएं। आगरा पर्यटन नगरी होने के कारण सभी प्रमुख पर्यटन स्थलों पर भी गर्मी से बचाव के पर्याप्त प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

