आगरा । ताजमहल भ्रमण के दौरान माता-पिता से बिछड़े भारतीय मूल के एक 10 वर्षीय अमेरिकी बच्चे को आगरा पुलिस की तत्परता से सुरक्षित उसके परिजनों से मिला दिया गया। पुलिस की इस संवेदनशील और त्वरित कार्रवाई से विदेशी पर्यटकों ने राहत की सांस ली।
जानकारी के अनुसार, अमेरिकी पर्यटक का 10 वर्षीय पुत्र विभान ताजमहल देखने के दौरान भीड़ में अपने माता-पिता से बिछड़ गया। माता-पिता को तलाशते-तलाशते बच्चा ताजमहल के पश्चिमी प्रवेश द्वार तक पहुंच गया, जहां उसने घबराहट की स्थिति में थाना ताज सुरक्षा पुलिस की क्विक रिस्पांस टीम को अपने माता-पिता से बिछड़ने की जानकारी दी।
सूचना मिलते ही क्विक रिस्पांस टीम के प्रभारी ने उच्चाधिकारियों के निर्देशन में तत्काल कार्रवाई शुरू की। बच्चे से उसके माता-पिता का मोबाइल नंबर लेकर संपर्क करने का प्रयास किया गया। साथ ही सीसीटीवी फुटेज, रेडियो अनाउंसमेंट, आरटी सेट मैसेज और मौके पर तैनात जवानों के माध्यम से बच्चे के माता-पिता की तलाश की गई।
काफी प्रयासों के बाद बच्चे के माता-पिता से संपर्क स्थापित हो सका। उन्होंने बताया कि वे बच्चे को ताजमहल के अंदर ही तलाश रहे हैं और अभी परिसर में मौजूद हैं। इसके बाद उच्चाधिकारियों के निर्देश पर क्विक रिस्पांस टीम प्रभारी ने पीएसी आरक्षी मनीष के साथ बच्चे को ताजमहल परिसर के अंदर पहुंचाकर सुरक्षित रूप से उसके माता-पिता को सौंप दिया।
अपने बच्चे को सकुशल पाकर माता-पिता के चेहरे पर खुशी लौट आई। उन्होंने आगरा पुलिस की त्वरित मदद, संवेदनशील व्यवहार और सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।
पुलिस टीम में शामिल
उप निरीक्षक पंकज सिंह पटेल
आरक्षी आशु
आरक्षी मनीष
महिला आरक्षी सुलेखा

