लखनऊ।उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री अजय राय ने भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि पार्टी के अंदर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को लेकर असंतोष चरम पर है, जो अब सार्वजनिक कार्यक्रमों में भी दिखाई देने लगा है।
उन्होंने कहा कि भाजपा के स्थापना दिवस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री की अनुपस्थिति और उन्हें वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से भी न जोड़ा जाना इस बात का स्पष्ट संकेत है कि पार्टी के भीतर गंभीर मतभेद और तनाव मौजूद हैं।
अजय राय ने आरोप लगाया कि भाजपा की आंतरिक खींचतान के कारण प्रदेश का विकास प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि बीते लगभग 10 वर्षों में सरकार जनता से किए गए वादों को पूरा करने में विफल रही है। किसानों की आय दोगुनी करने, युवाओं को रोजगार देने और कानून-व्यवस्था सुधारने जैसे दावे ज़मीन पर नजर नहीं आते।
उन्होंने प्रयागराज और लखनऊ में युवाओं पर लाठीचार्ज, 69,000 शिक्षक भर्ती से जुड़े अभ्यर्थियों की समस्याओं और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन से जुड़े कर्मचारियों की परेशानियों का हवाला देते हुए सरकार को घेरा।
गौवंश की स्थिति को लेकर भी अजय राय ने सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने वाराणसी की एक घटना का उल्लेख करते हुए कहा कि गौमाता की दुर्दशा हो रही है और सरकार इस दिशा में ठोस कदम उठाने में असफल रही है।
साथ ही उन्होंने जानकारी दी कि समाज सुधारक ज्योतिबा फुले की जयंती पर कांग्रेस पार्टी अधिवक्ता सम्मेलन आयोजित करेगी। इस सम्मेलन में राज्यसभा सदस्य अभिषेक मनु सिंघवी और वरिष्ठ अधिवक्ता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री सलमान खुर्शीद शामिल होंगे।
प्रेस वार्ता में विधि विभाग अध्यक्ष आसिफ रिजवी रिंकू, प्रदेश प्रवक्ता अंशू अवस्थी और उमाशंकर पाण्डेय भी मौजूद रहे।

