पटना। NEET परीक्षा पेपर लीक मामले को लेकर देशभर में छात्रों और अभिभावकों के बीच नाराजगी का माहौल बना हुआ है। इसी बीच प्रसिद्ध शिक्षक और यूट्यूबर Khan Sir की प्रतिक्रिया सामने आई है, जिसने सोशल मीडिया पर नई बहस छेड़ दी है।
खान सर ने पेपर लीक प्रकरण पर तीखी टिप्पणी करते हुए कहा कि यह “लाखों बच्चों के भविष्य और मेहनत के साथ खिलवाड़” है। उन्होंने व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए तंज भरे अंदाज में कहा,
“10 रुपये में बच्चों का जो डायपर आता है, वो लीक नहीं होता, लेकिन इनका पेपर लीक हो जाता है।”
उनके इस बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। छात्र और अभिभावक भी परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठा रहे हैं।
खान सर ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में बार-बार होने वाले पेपर लीक से मेहनती छात्रों का मनोबल टूटता है और शिक्षा व्यवस्था पर से भरोसा कम होता जा रहा है। उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
गौरतलब है कि NEET परीक्षा को लेकर पहले भी कई राज्यों में पेपर लीक और अनियमितताओं के आरोप लग चुके हैं। मामले की जांच एजेंसियां कर रही हैं और सरकार की ओर से परीक्षा प्रणाली को अधिक सुरक्षित बनाने के दावे किए जा रहे हैं।

