आगरा। रेलवे परिसरों में मादक पदार्थों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए आगरा मंडल ने “ऑपरेशन नारकोस” के तहत उल्लेखनीय सफलता हासिल की है।
मंडल रेल प्रबंधक गगन गोयल के मार्गदर्शन और वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त पी. राज मोहन के निर्देशन में चलाए गए इस विशेष अभियान का उद्देश्य यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और रेलवे क्षेत्र में कानून व्यवस्था को मजबूत बनाना है।
अभियान के अंतर्गत अप्रैल 2025 से मार्च 2026 तक कुल ₹45,08,450 मूल्य का 143.93 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया। इस दौरान 10 आरोपियों को गिरफ्तार भी किया गया है।
रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और अन्य संबंधित एजेंसियों के समन्वय से चलाए गए इस अभियान ने मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने में अहम भूमिका निभाई है।
आगरा मंडल ने स्पष्ट किया है कि इस प्रकार के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे, ताकि यात्रियों को सुरक्षित, संरक्षित और नशामुक्त वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।

