बोले- अखिलेश यादव के ‘PDA’ विजन से प्रभावित होकर थामा साइकिल का हैंडल
मुरादाबाद। उत्तर प्रदेश की ठाकुरद्वारा विधानसभा सीट पर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। कद्दावर नेता और पूर्व विधायक प्रत्याशी मुजाहिद अली के समाजवादी पार्टी में शामिल होने के बाद क्षेत्र के सियासी समीकरण बदलते नजर आ रहे हैं। पार्टी जॉइन करने के बाद पहली बार मीडिया से खुलकर बातचीत करते हुए मुजाहिद अली ने अपने राजनीतिक विजन, क्षेत्रीय मुद्दों और टिकट की दावेदारी को लेकर बड़ा बयान दिया।
UPUKLive के चीफ एडिटर मुहम्मद फैज़ान से खास बातचीत में मुजाहिद अली ने कहा कि वह किसी निजी स्वार्थ या लालच में समाजवादी पार्टी में नहीं आए हैं, बल्कि अखिलेश यादव की नीतियों और ‘PDA’ (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) के विजन से प्रभावित होकर उन्होंने यह फैसला लिया है।
उन्होंने कहा, “अखिलेश यादव जी का PDA फॉर्मूला सभी वर्गों को साथ लेकर चलने वाला विजन है। समाजवादी पार्टी की नीतियां जनता के हित में हैं और 2027 में प्रदेश में पूर्ण बहुमत की सरकार बनेगी।”
मुजाहिद अली ने अपनी जमीनी पकड़ का जिक्र करते हुए कहा कि साल 2015 से लेकर अब तक उनके दरवाजे से कोई भी व्यक्ति बिना काम के वापस नहीं लौटा। उन्होंने कहा कि उनके यहां आने वाले लोगों की जाति और धर्म नहीं देखा जाता, बल्कि इंसानियत और सेवा को प्राथमिकता दी जाती है। उन्होंने युवा नेता शावेज अली का भी जिक्र करते हुए कहा कि युवाओं का समर्थन लगातार बढ़ रहा है।
स्थानीय मुद्दों को बनाया प्राथमिकता
ठाकुरद्वारा की समस्याओं पर बोलते हुए मुजाहिद अली ने कहा कि क्षेत्र में सड़कें बदहाल हैं और नौजवान बेरोजगारी से परेशान हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि आम जनता की समस्याओं को गंभीरता से नहीं सुना जा रहा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि समाजवादी पार्टी के मंच से वह जनता की आवाज को मजबूती से उठाएंगे।
टिकट पर दिया संतुलित जवाब
जब उनसे पूछा गया कि क्या वह ठाकुरद्वारा से सपा टिकट के सबसे मजबूत दावेदार हैं, तो उन्होंने कहा, “मैं टिकट की शर्त पर पार्टी में नहीं आया हूं। अखिलेश यादव जी का जो भी फैसला होगा, वह मुझे स्वीकार होगा।”
उन्होंने आगे कहा कि पार्टी में किसी तरह की गुटबाजी नहीं है और ठाकुरद्वारा से जिसे भी टिकट मिलेगा, वह पूरी ताकत से उसे चुनाव लड़ाएंगे और जिताने का काम करेंगे।
जनता के बीच रहने का दावा
इंटरव्यू के अंत में मुजाहिद अली ने कहा कि वह तन-मन-धन से क्षेत्र की जनता की सेवा के लिए हमेशा तैयार हैं और समाजवादी पार्टी को मजबूत करने के लिए पूरी ऊर्जा के साथ काम करेंगे। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि उनके सपा में आने से ठाकुरद्वारा सीट पर मुकाबला और दिलचस्प हो गया है।

