जबलपुर। जिला मुख्यालय से करीब 25 किलोमीटर दूर स्थित बरगी बांध में गुरुवार शाम तेज आंधी-तूफान के बीच बड़ा हादसा हो गया। खराब मौसम के चलते यात्रियों से भरा एक क्रूज अचानक डूब गया।
पर्यटन विभाग द्वारा संचालित इस क्रूज में कुल 29 लोग सवार थे। हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासन, पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गए और युद्ध स्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया।
अब तक मिली जानकारी के अनुसार, इस दुर्घटना में 4 पर्यटकों की मौत हो चुकी है। रेस्क्यू टीम को चारों के शव बरामद हो गए हैं, जबकि 14 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है। बाकी लापता लोगों की तलाश के लिए गोताखोर लगातार प्रयास कर रहे हैं।
घटना गुरुवार शाम लगभग 6 बजे की बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, क्रूज पर्यटकों को लेकर लहरों के बीच आगे बढ़ रहा था, तभी अचानक तेज आंधी आई और क्रूज अनियंत्रित होकर पानी में समा गया। क्रूज के कैप्टन महेश पटेल भी फिलहाल लापता बताए जा रहे हैं, जिनकी तलाश जारी है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह दिल्ली से लौटते ही डुमना एयरपोर्ट से सीधे घटनास्थल के लिए रवाना हो गए।
प्रशासन ने इलाके में अलर्ट जारी कर दिया है और रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार जारी है।

