आगरा। अछनेरा जंक्शन रेलवे स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के कर्मचारियों के लिए आधुनिक बैरक के निर्माण को मंजूरी दे दी गई है। यह महत्वपूर्ण निर्णय मंडल रेल प्रबंधक आगरा श्री गगन गोयल के मार्गदर्शन एवं वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त श्री पी. राज मोहन के निर्देशन में लिया गया है।
इस परियोजना के अंतर्गत अछनेरा स्टेशन पर आरपीएफ कर्मियों के लिए 20 बेड क्षमता (पुरुष एवं महिला) वाला अत्याधुनिक बैरक बनाया जाएगा। इस निर्माण कार्य पर लगभग ₹96 लाख की लागत आएगी।
प्रस्तावित बैरक में कर्मचारियों के लिए सभी आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, जिससे उनकी कार्यक्षमता में सुधार होगा और वे अधिक बेहतर ढंग से अपनी ड्यूटी का निर्वहन कर सकेंगे।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, आगरा मंडल यात्रियों की सुरक्षा और संरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रहा है। इसी क्रम में आरपीएफ कर्मियों के लिए बेहतर आधारभूत सुविधाएं विकसित करना एक अहम कदम माना जा रहा है।
परियोजना पूरी होने के बाद अछनेरा जंक्शन रेलवे स्टेशन पर तैनात आरपीएफ कर्मियों को बेहतर आवासीय सुविधा मिलेगी, जिससे रेलवे परिसर की सुरक्षा व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी हो सकेगी।

