नई दिल्ली/पटना। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शनिवार को राज्य के पैरा एथलीट शैलेश कुमार को विश्व पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप में पुरुषों की ऊंची कूद (टी63) स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतने पर बधाई दी और 75 लाख रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने ‘एक्स’ पर अपने पोस्ट में जमुई जिले के रहने वाले शैलेश को इस उपलब्धि के लिए सराहा और कहा, “शैलेश की यह उपलब्धि इस बात का प्रमाण है कि बिहार में खेलों की दुनिया में सकारात्मक बदलाव आ रहे हैं।”
खेल पुरस्कार योजना के तहत शैलेश को नकद पुरस्कार के अलावा एक स्मृति चिन्ह भी प्रदान किया जाएगा। 25 वर्षीय पैरा एथलीट शैलेश ने प्रतियोगिता के पहले दिन 1.91 मीटर की छलांग लगाकर विश्व चैंपियनशिप का रिकॉर्ड बनाया और स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
इस उपलब्धि के साथ शैलेश ने न केवल भारत का नाम रोशन किया बल्कि बिहार के खेलों के क्षेत्र में भी प्रेरणादायक मिसाल कायम की।

