नई दिल्ली। 11वीं एशियाई एक्वाटिक्स चैम्पियनशिप के पहले दिन रविवार को भारतीय तैराक श्रीहरी नटराज ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो रजत पदक अपने नाम किए।
श्रीहरी ने 200 मीटर फ्रीस्टाइल स्पर्धा में 1:48.47 मिनट का समय निकालकर सिल्वर मेडल जीता। इस इवेंट में चीन के 17 वर्षीय सू हेइबो ने गोल्ड अपने नाम किया, जबकि जापान के हिनाता एंदो को ब्रॉन्ज मिला। नटराज ने दूसरी हीट में दूसरे स्थान पर रहकर फाइनल के लिए क्वालीफाई किया था और 16 साल के लंबे पदक सूखे को भी खत्म किया।
इसके बाद श्रीहरी ने पुरुषों की 50 मीटर बैकस्ट्रोक में 25.11 सेकंड का समय दर्ज कर दूसरा रजत पदक हासिल किया। इस स्पर्धा में चीन के गुकैलाई वांग ने गोल्ड जीता।
भारत इस स्पर्धा में आखिरी बार 2009 में पोडियम पर पहुंचा था, जब वीरधवल खाड़े, संदीप सेजवाल, रेहान पोंचा और आरोन डिसूजा ने मिलकर सात मेडल जीते थे। श्रीहरी नटराज के दो रजत पदक से भारतीय तैराकी को नई उम्मीद और प्रेरणा मिली है।

