आगरा। थाईलैंड की राजकुमारी सिरिवन्नावरी नैरीरत्ना ने बुधवार सुबह करीब 9 बजे विश्व प्रसिद्ध ताजमहल का दीदार किया। पांच दिवसीय भारत यात्रा पर आईं राजकुमारी मंगलवार को जोधपुर से आगरा पहुंची थीं। आगरा प्रवास के दौरान वह फतेहाबाद रोड स्थित एक पांच सितारा होटल में ठहरीं।
राजकुमारी के साथ 35 सदस्यों का एक प्रतिनिधिमंडल भी मौजूद रहा। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच उन्होंने ताजमहल का भ्रमण किया और उसकी ऐतिहासिक एवं स्थापत्य कला की बारीकियों को नजदीक से देखा। ताज की भव्यता और खूबसूरती से अभिभूत होकर उन्होंने कहा, “वाह ताज।”
इस दौरान अधिकारियों ने उन्हें ताजमहल के इतिहास और निर्माण से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां भी दीं। राजकुमारी ने स्मारक के विभिन्न हिस्सों का अवलोकन किया और यादगार तस्वीरें भी खिंचवाईं।
ताजमहल के बाद राजकुमारी ने आगरा किला का भी दीदार किया और मुगलकालीन स्थापत्य कला की सराहना की। उनके आगमन को लेकर प्रशासन द्वारा विशेष इंतजाम किए गए थे।

