भोपाल: बरगी डैम में हुए क्रूज हादसे को लेकर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव सुफ़ियान अली क़ुरैशी ने राज्य सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
अपने बयान में सुफ़ियान अली क़ुरैशी ने कहा कि यह हादसा किसी प्राकृतिक आपदा का परिणाम नहीं, बल्कि स्पष्ट रूप से प्रशासनिक लापरवाही और ढीली व्यवस्था का नतीजा है। उन्होंने मांग की कि जिन अधिकारियों और संबंधित लोगों की अनदेखी के कारण यह घटना हुई है, उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित किया जाए और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
उन्होंने आगे कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है, लेकिन इस तरह की घटनाएं उस जिम्मेदारी पर सवाल खड़ा करती हैं।
सपा नेता ने हादसे में जान गंवाने वालों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि पीड़ित परिवारों की क्षति की भरपाई संभव नहीं है, फिर भी उन्हें पर्याप्त और सम्मानजनक मुआवजा दिया जाना चाहिए।
उन्होंने सरकार से मांग की कि पूरे मामले में जवाबदेही तय की जाए, दोषियों को दंडित किया जाए और भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए ठोस और प्रभावी कदम उठाए जाएं।

