आगरा। डॉ. एमपीएस वर्ल्ड स्कूल के कक्षा 10वीं के विद्यार्थियों ने बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विद्यालय, शिक्षकों और अपने अभिभावकों का मान बढ़ाया है। परीक्षा परिणाम घोषित होते ही विद्यालय परिसर में खुशी और उत्साह का माहौल छा गया।
परिणामों में मेधांश गुप्ता ने 97% अंक प्राप्त कर विद्यालय में प्रथम स्थान हासिल किया। अभिनव यादव 96.2% अंकों के साथ द्वितीय तथा अथर्व जैन 94% अंक पाकर तृतीय स्थान पर रहे। इसी क्रम में काव्यांशु सिंह, अर्श सक्सेना, कुश त्यागी और दर्शिका अग्रवाल ने 93% अंक प्राप्त कर उल्लेखनीय सफलता दर्ज की।
वहीं यशवर्धन गोस्वामी, दीपांशु, अमन गोस्वामी, हेमन्तांशु सिंह, सिदकप्रीत सिंह और कृतिका सेंगर ने 91% अंक हासिल कर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। इसके अलावा वैष्णवी सिंह ने 89% तथा एकांश बंसल, सान्वी यादव, दिव्या राय और स्वेच्छा राज प्रधान ने 88% अंक प्राप्त किए। कई विद्यार्थियों ने विभिन्न विषयों में शत-प्रतिशत या उसके करीब अंक प्राप्त कर विशेष उपलब्धि हासिल की।
इस अवसर पर विद्यालय के अध्यक्ष स्क्वाड्रन लीडर ए.के. सिंह ने सभी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता उनकी कड़ी मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प का परिणाम है। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि यह उपलब्धि उनके जीवन का पहला महत्वपूर्ण पड़ाव है, न कि अंतिम मंजिल। उन्होंने छात्रों को निरंतर प्रयास करते रहने और अपने लक्ष्यों को ऊंचा रखने की सलाह दी।
विद्यालय की प्रधानाचार्या राखी जैन ने भी विद्यार्थियों की सराहना करते हुए कहा कि यह शानदार परिणाम शिक्षकों के मार्गदर्शन और विद्यार्थियों की मेहनत का प्रतिफल है। उन्होंने विश्वास जताया कि विद्यालय के विद्यार्थी भविष्य में भी इसी तरह सफलता के नए आयाम स्थापित करेंगे।
इस अवसर पर विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं ने विद्यार्थियों को हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

