संवाद – तौफ़ीक़ फारुकी
फर्रुखाबाद के नवाबगंज-मोहम्मदाबाद मार्ग पर सोमवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में ब्लॉक के रोजगार सेवक की मौके पर ही मौत हो गई। तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी, जिसके बाद वह डंपर के पहियों के नीचे फंस गया और करीब 10 मीटर तक घिसटता चला गया। हादसे से इलाके में सनसनी फैल गई।
जानकारी के अनुसार हरदुआ गांव निवासी 33 वर्षीय विपिन कुमार ब्लॉक में रोजगार सेवक के पद पर कार्यरत थे। सोमवार शाम करीब 6 बजे वह ब्लॉक कार्यालय से अपनी बाइक द्वारा नवाबगंज बाईपास अचरा तिराहा स्थित घर लौट रहे थे। तभी जियो कार्यालय के सामने सामने से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी भयावह थी कि विपिन कुमार उछलकर सीधे डंपर के पहियों के नीचे जा गिरे। चालक डंपर लेकर भागने की कोशिश करता रहा, जिससे युवक का शव करीब 10 मीटर तक सड़क पर घिसटता रहा। हादसे में शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया और सड़क पर मांस के लोथड़े बिखर गए।
घटना के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस पहुंची और डंपर के पहियों में फंसे शव को बाहर निकालने का प्रयास शुरू किया। क्राइम इंस्पेक्टर संजय कुमार राय, एसआई जगराम और कमलेश ने पुलिस टीम के साथ काफी मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला। इसके बाद शव को ई-रिक्शा से नवाबगंज सीएचसी भेजा गया। हादसे के चलते नवाबगंज-मोहम्मदाबाद मार्ग पर कुछ समय के लिए जाम की स्थिति बन गई।
हादसे के बाद डंपर चालक अपनी जान बचाने के लिए थाने की ओर भागने लगा, लेकिन रास्ते में दरोगा सत्यनारायण ने उसे रोक लिया और अपनी बाइक पर बैठाकर थाने ले गए। पुलिस ने चालक को हिरासत में लेने के साथ डंपर को भी कब्जे में ले लिया है।
घटना की सूचना मिलते ही मृतक के घर में कोहराम मच गया। सीएचसी पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। मृतक अपने पीछे मां मीरा देवी, पत्नी नीलम, तीन बेटियां अनामिका, अनुष्का, अनन्या तथा पुत्र युवराज को छोड़ गए हैं। छोटे भाई वरुण कुमार समेत पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
एसआई सत्यनारायण ने बताया कि डंपर चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

