लखनऊ, उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री अजय राय ने UPSI भर्ती 2025 में पद वृद्धि और चयन प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के संबंध में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर उनका ध्यान आकर्षित किया है।

बताया गया है कि UPSI भर्ती 2025-26 में शामिल अभ्यर्थियों ने एक विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत किया, जिसमें भर्ती प्रक्रिया को लेकर गंभीर चिंताएं व्यक्त की गई हैं। अभ्यर्थियों का कहना है कि लगभग पाँच वर्षों के अंतराल के बाद यह भर्ती आयोजित की जा रही है, जिसके चलते उम्मीदवारों की संख्या में भारी वृद्धि हुई है और करीब 10.77 लाख अभ्यर्थियों ने परीक्षा में भाग लिया है।
प्रतिवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि उत्तर प्रदेश पुलिस में सब-इंस्पेक्टर के कई पद वर्तमान में रिक्त हैं, जिन्हें इस भर्ती में पद वृद्धि के माध्यम से भरा जा सकता है। अभ्यर्थियों ने पूर्ववर्ती UPSI भर्ती 2020-21 का हवाला देते हुए बताया कि उस समय 9534 पदों पर नियुक्ति की गई थी, जबकि वर्तमान भर्ती में पदों की संख्या लगभग आधी है, जो मौजूदा परिस्थितियों के हिसाब से अपर्याप्त प्रतीत होती है।
अभ्यर्थियों ने अपनी मांगों में यह भी कहा है कि लिखित परीक्षा के परिणाम के साथ ही स्कोरकार्ड (Normalized एवं Sectional Marks सहित) जारी किए जाएं। साथ ही, अंतिम चयन के बाद यदि पद रिक्त रह जाते हैं तो वेटिंग लिस्ट जारी कर उन्हें भरा जाए, ताकि भर्ती प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और प्रभावी बन सके।
इन सभी तथ्यों को ध्यान में रखते हुए अजय राय ने मुख्यमंत्री से अनुरोध किया है कि UPSI भर्ती 2025 में पदों की संख्या को राज्य की आवश्यकता के अनुरूप बढ़ाने, सभी अभ्यर्थियों के स्कोरकार्ड जारी करने और अंतिम चयन के बाद वेटिंग लिस्ट लागू करने पर विचार किया जाए। उन्होंने कहा कि इससे न केवल युवाओं के हितों की रक्षा होगी, बल्कि प्रदेश की कानून-व्यवस्था को मजबूत करने में भी मदद मिलेगी।

